बिहार में आज से नई सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. निवर्तमान मंत्रिमंडल की आज अंतिम बैठक होगी, जिसमें निश्चित रूप से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को इस दिशा में जरूरी कदम उठाने के लिए अधिकृत किया जाएगा. कैबिनेट सचिवालय विभाग की अधिसूचना के अनुसार, मंत्रिपरिषद की बैठक आज सुबह 11:30 बजे होगी.

जदयू के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि इस बैठक में निवर्तमान विधानसभा को भंग करने और नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को राज्यपाल से मिलने के लिए अधिकृत करने के लिए प्रस्ताव पारित किए जाएंगे. बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने विधानसभा चुनाव में निर्वाचित हुए सदस्यों की सूची के साथ राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की थी. चुनाव के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए गए.
नीतीश कुमार आज सौंपेंगे इस्तीफा
बिहार में एनडीए को मिली जीत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने कैबिनेट की बैठक बुलाने का फैसला लिया. ये बैठक पटना में आज सुबह 11.30 बजे होगी. बताया जा रहा है कि इस मीटिंग में नई सरकार के गठन पर मंथन होने की संभावना है. साथ ही शपथ ग्रहण समारोह की तारीख भी निर्धारित की जा सकती है. बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से एक पत्र जारी किया गया है.

नीतीश सरकार (Nitish Kumar) के विशेष सचिव अरविंद कुमार वर्मा द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि निदेशानुसार पटना के मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में सोमवार यानी 17 नवंबर को सुबह 11:30 बजे से मंत्रिपरिषद की बैठक होगी. इस पत्र में कहा गया है कि बिहार के सूचना जन संपर्क विभाग के निदेशक से अनुरोध है कि मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद सूचना भवन का सभागार उपलब्ध कराते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस की समुचित व्यवस्था कराने की कृपा की जाए.
4 दिन के लिए सील गांधी मैदान
वहीं, पटना के डीएम ने चार दिनों के लिए पटना के गांधी मैदान को बंद करने का आदेश जारी किया. उन्होंने कहा कि गांधी मैदान में लोगों के प्रवेश पर 17 नवंबर से 20 नवंबर तक पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होने की संभावना है, इसलिए जिलाधिकारी ने गांधी मैदान में लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है. बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जनता ने एनडीए को पूर्ण बहुमत दिया. एनडीए ने 202 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि महागठबंधन का सूपड़ा साफ हो गया.
बिहार में एनडीए को प्रचंड बहुमत
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 243 सदस्यीय विधानसभा में 202 से अधिक सीट पर जीत हासिल की. भाजपा ने सबसे अधिक 89, जदयू ने 85, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 19, हिंदुस्ताव अवाम मोर्चा सेक्युलर ने पांच और राष्ट्रीय लोक मोर्च (आरएलएम) ने चार सीट जीतीं. इस बीच, राज्य में नई सरकार के गठन को लेकर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत करने के बाद दिल्ली से लौटे जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने यहां मुख्यमंत्री से मुलाकात की.
ये भी पढ़ें..
कैबिनेट को लेकर मंथन जारी
बाद में उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘कुछ ही दिन में नई सरकार बन जाएगी। समय आने पर आपको इसकी विस्तृत जानकारी मिल जाएगी. हम राजग के घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.’ जदयू के एक नेता ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर कहा, ‘ये लगभग तय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शपथ ग्रहण समारोह के लिए आएंगे.
ये संभवतः ऐतिहासिक गांधी मैदान में एक भव्य समारोह होगा, जहां बड़ी संख्या में लोग आ सकते हैं.’ जदयू नेता ने ये भी कहा, ‘हम नए मंत्रिमंडल में पिछली बार की तुलना में अधिक प्रतिनिधित्व की उम्मीद कर रहे हैं. पिछली सरकार में हमारी पार्टी के सिर्फ 12 मंत्री थे. इस चुनाव में हमारी सीट काफी बढ़ी हैं, इसलिए हम मंत्रिमंडल में ज्यादा जगह चाहते हैं.’


