बिहार विधानसभा चुनाव के पहले मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक (Nitish Cabinet) में नई नियुक्ति से लेकर कई बड़ी परियोजनाओं और सड़क निर्माण योजनाओं को मंजूरी दी गई. नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट (Nitish Cabinet) की बैठक में महिला कर्मचारियों को पोस्टिंग स्थान पर आवास की सुविधा उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई.

कैबिनेट की बैठक (Nitish Cabinet) में तमाम विभागों के मंत्री मौजूद रहे. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 22 प्रस्तावों पर कैबिनेट की मुहर लगी है.
4 लाख महिला कर्मचारियों को नीतीश सरकार की सौगात
कैबिनेट की बैठक के बाद अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने बताया कि राज्य के सरकारी कार्यालयों में काम करने वाली महिला कर्मचारियों को उनके कार्यालय के निकट आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. सरकार की इस योजना का लाभ महिला शिक्षकों के अलावा पुलिसकर्मियों और पंचायत सचिवालय तक कार्यरत महिला कर्मचारियों को लाभ मिलेगा.

इसके लिए हर जिले में डीएम की अध्यक्षता में कमेटी बनेगी, जो निजी मकानों को चिह्नित करेगी और उनके साथ लीज एग्रिमेंट करेगी. सरकारी विभागों में काम करने वाली महिलाओं को किसी प्रकार की कोई दिक्कत होगी, तो उसका निराकरण संबंधित एसडीओ करेंगे. इस योजना का लाभ राज्य की 3 से 4 लाख महिला कर्मचारियों को मिलेगा.
ये भी पढ़ें..
- Power of Mukhiya : बिहार के सभी मुखिया अब हो गए पावरफुल, वेतन से लेकर हथियार लाइसेंस तक CMने की 6 प्रमुख घोषणाएं
- Bihar Police Accident Death : वाहन चेकिंग के दौरान स्कॉर्पियो ने 3 पुलिसकर्मियों को उड़ा दिया, महिला सिपाही की हुई मौत
सात डॉक्टरों को किया गया बर्खास्त
कैबिनेट की बैठक में सात डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई. बाद में पत्रकारों से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने बताया कि लगातार गैरहाजिर रहने के चलते यह एक्शन सरकार की ओर से लिया गया है. जिन सात चिकित्सकों को बर्खास्त किया गया है उनमें डॉ. आशीष कुमार, डॉ. मो. फिरदौस और डॉ. जागृति सोनम शामिल हैं.
ये तीनों खगड़िया में चिकित्सा पदाधिकारी थे. इनके अलावा डॉक्टर अनामिका कुमारी को बर्खास्त किया गया है. ये लखीसराय में थीं. इसके अलावा लखीसराय के ही डॉ. अनुपम कुमारी और डॉ. अभिनव कुमार के अलावा बेगूसराय के अनुपम कुमार को भी बर्खास्त किया गया है.
आठ हजार से अधिक पदों पर होगी नियुक्ति
पंचायत सचिवालय को सुदृढ करने के लिए ग्राम पंचायत कार्यालयों में आठ हजार से अधिक लिपिक के पदों को सृजित किया गया है. इसके तहत पंचायत स्तर पर ग्राम पंचायत कार्यालय में निम्न वर्गीय लिपिक के 8093 पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई है.
स्पोर्ट्स इंजरी इकाई की स्थापना
मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अंतर्गत वायुयान संगठन निदेशालय में विभिन्न श्रेणी के चार नियोजन आधारित पदों को सृजित किया गया है. वहीं पटना के जयप्रकाश नारायण अस्पताल में स्पोर्ट्स इंजरी इकाई की स्थापना एवं संचालन के लिए 36 नए पदों को सृजित किया गया है. कृषि विपणन निदेशालय में विभिन्न कोटि के 14 पदों को सृजित किया गया है.


