बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सीएम आवास जाकर मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह (Anant singh) और पूर्व सांसद आनंद मोहन (Anand mohan) ने मुलाकात की. अनंत सिंह अभी हाल ही में जेल से बाहर आए हैं. उनकी पत्नी नीलम देवी ने आरजेडी के टिकट पर जीतने के बावजूद सदन में शक्ति परीक्षण के दौरान नीतीश कुमार का सपोर्ट किया था.

वहीं, आनंद मोहन उम्रकैद के सजायाफ्ता थे, जिन्हें कुछ महीने पहले जेल से बाहर निकाला गया. आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद शिवहर से आरजेडी के टिकट पर विधायक बने थे लेकिन सदन में फ्लोर टेस्ट के दौरान नीतीश कुमार का समर्थन किया था.
आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद शिवहर से जेडीयू की सांसद हैं. शिवहर से लवली आनंद की दावेदारी की वजह से बीजेपी की सांसद रहीं रमा देवी का टिकट कट गया था. खैर, शनिवार को सीएम आवास जाकर अनंत सिंह और आनंद मोहन ने बारी-बारी से सीएम नीतीश से मुलाकात की. विधानसभा चुनाव नजदीक होने की वजह से इसके मायने निकाले जा रहे हैं.

परिवार समेत नीतीश से मिले आनंद मोहन
पूर्व सांसद आनंद मोहन, उनकी पत्नी लवली आनंद और बेटे चेतन आनंद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की. ये मुलाकात बिहार विधानसभा चुनाव से पहले हुई है, इसलिए इसके मायने निकाले जा रहे. हालांकि, सीएम आवास से जब आनंद मोहन बाहर आए तो तेजस्वी यादव के महागठबंधन सरकार बनाने के दावों पर प्रतिक्रिया दी. आनंद मोहन और उनकी पत्नी शिवहर से सांसद लवली आनंद और उनके विधायक बेटे चेतन आनंद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की. ये मुलाकात बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हुई है, इसलिए इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
मुलाकात के बाद आनंद मोहन ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधा. जब मीडिया ने उनसे पूछा कि तेजस्वी यादव महागठबंधन की सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, ‘आप (पत्रकार) जाकर मिठाई बांट दीजिए.’ तेजस्वी यादव युवाओं को नौकरी देने का वादा कर रहे हैं. इस पर आनंद मोहन ने कहा कि उनके (तेजस्वी) माता-पिता के राज्य में तो किसी को नौकरी नहीं मिली. अब देखना होगा कि आगे क्या होता है. जब तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी योजनाओं की नकल की जा रही है, तो आनंद मोहन ने कहा, ‘ठीक है, तेजस्वी यादव थिंक टैंक हैं.’
ये भी पढ़ें..
- बिहार के जमुई में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, चोरी-छिपे बन रहा था मौत का सामान
- पटना में शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठी चार्ज, शिक्षक भर्ती से पहले STET की मांग
सीएम आवास में अनंत-नीतीश मुलाकात
वहीं, मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह (Anant singh) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की. जेल से छूटने के बाद ये उनकी पहली मुलाकात थी. सीएम आवास पर दोनों के बीच लगभग 15 मिनट तक बातचीत हुई. बैठक के बाद अनंत सिंह (Anant singh) मीडिया से बात किए बिना ही चले गए. उन्होंने मोकामा से चुनाव लड़ने की घोषणा की है. माना जा रहा है कि अनंत सिंह और नीतीश कुमार की यह मुलाकात बहुत महत्वपूर्ण है.
पटना बेऊर जेल से रिहा होने के बाद अनंत सिंह पहली बार सीएम नीतीश कुमार से मिले. अटकलें लगाई जा रही हैं कि अनंत सिंह ने जेडीयू उम्मीदवार के तौर पर मोकामा से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है. जेल से बाहर आने के बाद अनंत सिंह ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया था. उन्होंने कहा था, ‘वह नीतीश कुमार की जेडीयू से चुनाव लड़ेंगे. अगर पार्टी तेजस्वी के खिलाफ मुझे उतारती है तो मैं उनकी जमानत जब्त करवा दूंगा.’


